Raigarh

रायगढ़ में रफ्तार का कहर : बेकाबू ट्रेलर ने दादा-पोती को रौंदा, मासूम की मौके पर दर्दनाक मौत, गंभीर हालत में दादा अस्पताल में भर्ती..Watch Video

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के भगवानपुर इलाके में आज एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी का दिल दहला दिया। रविवार की दोपहर एक अनियंत्रित ट्रेलर ने दादा-पोती को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे 14 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा इतना भयावह था कि आसपास के लोग भी सहम गए। इस घटना में दादा को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, कृष्णापुर गांव की रहने वाली ममता तिर्की अपने दादा पितृोष तिर्की के साथ स्कूटी पर सवार होकर भगवानपुर स्थित चावल सोसायटी गई थी। वहां से राशन लेकर जब दोनों वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी सीएमओ चौक के पास काल बनकर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही स्कूटी सवार दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर का पहिया ममता के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसके दादा पितृोष तिर्की लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पने लगे।

हादसे को देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल दादा को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाकेबंदी की और आरोपी ड्राइवर को लाखा के पास धर दबोचा। पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर गाड़ी जब्त कर ली है। इस हादसे ने एक बार फिर रायगढ़ की सड़कों पर दौड़ते भारी वाहनों की रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसने एक मासूम की जिंदगी छीन ली।

नीचे देखिए विडियो..

Show More
Back to top button