फिल्म ‘रामायण भाग एक’ के निर्माताओं और सेंसर बोर्ड को लीगल नोटिस, धार्मिक पात्रों के चित्रण पर आपत्ति

रायपुर। आगामी फिल्म ‘रामायण: भाग एक’ में मूल धर्मग्रंथ और धार्मिक पात्रों के चित्रण को लेकर कानूनी विवाद खड़ा हो गया है। रायपुर के अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने फिल्म निर्माताओं, निर्देशक, लेखकों और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) को 15 दिन का कानूनी नोटिस भेजा है। इसके साथ ही उन्होंने भारत सरकार के केंद्रीय लोक शिकायत निवारण पोर्टल (CPGRAMS) पर भी वैधानिक शिकायत दर्ज कराई है। अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर का कहना है कि फिल्म को महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित प्राचीन महाकाव्य रामायण पर आधारित बताया जा
रहा है, लेकिन इसके कुछ दृश्यों में मूल ग्रंथ की भावना और धार्मिक पात्रों की मर्यादा से अलग चित्रण किया गया है। उनके अनुसार, फिल्म में माता सीता को युद्ध करती हुई योद्धा के रूप में दिखाया गया है, जबकि रावण को अत्यधिक बड़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है और देवी-देवताओं का अनुचित चित्रण हुआ है। उन्होंने इसे वाल्मीकि रामायण और गोस्वामी तुलसीदास की श्रीरामचरितमानस की मूल भावना के विपरीत बताते हुए धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाया है।
निर्माताओं, निर्देशक और सेंसर बोर्ड को भेजा गया नोटिस
अधिवक्ता ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और यश, निर्देशक नितेश तिवारी और लेखक श्रीधर राघवन एवं श्रेयस जैन को कानूनी नोटिस ईमेल के जरिए भेजा है। इसके अलावा केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भी पक्षकार बनाया गया है। CPGRAMS पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत का पंजीयन क्रमांक MOIAB/E/2026/0002688 है। लीगल नोटिस में सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 की धारा 5B और 6 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न धाराओं का हवाला दिया गया है। नोटिस के माध्यम से निर्माताओं से फिल्म से सभी आपत्तिजनक दृश्यों और संवादों को हटाने के साथ ही सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई है।
मांगें पूरी न होने पर कोर्ट जाने की चेतावनी
अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने कहा है कि यदि 15 दिनों के भीतर इन मांगों पर उचित कदम नहीं उठाया गया, तो वे सक्षम न्यायालय में आपराधिक परिवाद दायर करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दाखिल करने और पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी भी दी है। फिलहाल यह मामला कानूनी नोटिस और औपचारिक शिकायत के स्तर पर है।

