Chhattisgarh

सरगुजा में पॉप-पॉप पटाखा मुंह में रखकर चबाने से 2 साल के मासूम की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

सरगुजा। सीतापुर थाना क्षेत्र में दिवाली के दौरान खेल-खेल में लहसुन (पॉप-पॉप) पटाखा मुंह में रखकर चबाने से दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पटाखा मुंह के अंदर ही फटने से बच्चे के मसूड़े में गंभीर चोट लगी और लगातार खून बहने लगा। अंबिकापुर के अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। सीतापुर थाना क्षेत्र के बनेया गांव निवासी किसान इंद्रजीत मांझी दिवाली पर बच्चों के लिए लहसुन (पॉप-पॉप) पटाखे लेकर आए थे। यह पटाखा जमीन पर पटकने से आवाज के साथ फूटता है। घर पर जब अन्य बच्चे पटाखे फोड़ रहे थे, उसी दौरान इंद्रजीत का दो साल का बेटा आदित्य पटाखों के एक पैकेट के साथ खेल रहा था।

खेलते वक्त मुंह में दबाया पटाखा, अंदर ही हुआ विस्फोट

आदित्य की मां गायत्री के अनुसार, खेलते समय बच्चे ने अचानक पटाखा मुंह में रख लिया और उसे चबा गया। चबाते ही पटाखा मुंह के भीतर फट गया। धमाके के कारण उसके मसूड़े में गहरा घाव हो गया और तेजी से खून निकलने लगा। हादसे के तुरंत बाद परिजन बच्चे को लेकर स्थानीय सीतापुर अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर ले आए, लेकिन कुछ देर बाद मुंह से दोबारा खून का रिसाव शुरू हो गया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे दोबारा अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया।

अंबिकापुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

परिजन बच्चे को लेकर अंबिकापुर स्थित मिशन अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने के लिए खून भी चढ़ाया, लेकिन मसूड़े से हो रही ब्लीडिंग नहीं रुकी। डॉक्टरों के मुताबिक, पटाखे के अंदर मौजूद कंकड़ या पत्थर के कणों से मसूड़े में अंदरूनी चोट आई थी। लगातार अधिक खून बह जाने की वजह से गुरुवार सुबह इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दुखद हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Show More
Back to top button