रायगढ़ में जनदर्शन: कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सुनीं समस्याएं, तय समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश

रायगढ़। जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं, मांगें और शिकायतें सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदक से सीधे बात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर जनदर्शन में पहुंचते हैं। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे आवेदनों को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लें तथा गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर आवेदकों को राहत पहुंचाई जाए, ताकि लोगों को अपने काम के लिए दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
राजस्व सुधार और सरकारी योजनाओं से जुड़े मामले प्रमुखता से आए
जनदर्शन के दौरान नागरिकों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का लाभ दिलाने, स्वामित्व की भूमि का नक्शा बंटांकन कराने, पंजीयन में खसरा संशोधन और अध्ययन के लिए आर्थिक सहायता की मांग शामिल थी।
इसके साथ ही चिकित्सा प्रतिपूर्ति, राजस्व अभिलेख दुरुस्त करने तथा ऑनलाइन भुइयां पोर्टल में खसरा संकलन व रकबे की त्रुटियों में सुधार से जुड़े प्रकरण भी सामने आए। कलेक्टर ने इन सभी प्रकरणों पर संबंधित विभागों को तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टोरेट में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

