चक्रवात ‘अर्नब’ का असर: बस्तर और सुकमा में स्कूल बंद, मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

जगदलपुर। चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से बस्तर संभाग में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए जगदलपुर समेत बस्तर और सुकमा जिले के सभी स्कूलों में 28 अक्टूबर को छुट्टी घोषित कर दी गई है। चक्रवाती प्रभाव के चलते दंतेवाड़ा में आसमान लाल नजर आया। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को बस्तर संभाग के जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
बस्तर संभाग में 60 किलोमीटर की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार 28 अक्टूबर की शाम बस्तर संभाग के दक्षिणी जिलों में हवा की रफ्तार लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा संभाग के उत्तरी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है। प्रशासन और मौसम विभाग ने बिगड़ते मौसम को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में भी बदलेगा मौसम
चक्रवात का असर राज्य के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिलेगा। 29 अक्टूबर को रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों के साथ-साथ बिलासपुर संभाग के पूर्वी हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान धमतरी जिले और आसपास के इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे, जबकि रायपुर जिले और आसपास के क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
30 और 31 अक्टूबर को इन क्षेत्रों में दिखेगा प्रभाव
मौसम विभाग के मुताबिक 30 अक्टूबर को बिलासपुर संभाग के पश्चिमी जिलों और सरगुजा संभाग के पश्चिमी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने का अनुमान है। वहीं 31 अक्टूबर को सरगुजा संभाग में हवा की गति 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।


