Raigarh

जंगल में जुआ खेल रहे 6 आरोपी गिरफ्तार, नकदी व वाहनों सहित सवा तीन लाख से अधिक का माल जब्त

रायगढ़। जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने धरमजयगढ़ क्षेत्र के जंगल में दबिश देकर 6 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के नेतृत्व में साइबर सेल, पुलिस लाइन और धरमजयगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दर्रीडीह-खलबोरा के बीच जंगल में घेराबंदी कर यह कार्रवाई की।

पुलिस ने फड़ से 22,180 रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन और 4 मोटरसाइकिल समेत कुल 3,22,180 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

मुखबिर की सूचना पर जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि दर्रीडीह और खलबोरा के बीच जंगल में कुछ लोग ताश के 52 पत्तों पर दांव लगा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर छह लोगों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अमित केरकेट्टा (30 वर्ष, निवासी सिविल लाइन धरमजयगढ़), स्वरूप टोप्पो (22 वर्ष, निवासी कांसाबेल), जोगेंद्र एक्का (40 वर्ष, निवासी दर्रीडीह), वृंदावन गुप्ता (35 वर्ष, निवासी दर्रीडीह), सुरेश सारथी (36 वर्ष, निवासी शाहपुर) और नारायण बाईन (50 वर्ष, निवासी बेहरापारा धरमजयगढ़) शामिल हैं।

चार मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के पास से 22,180 रुपये नकद और 7 मोबाइल फोन बरामद किए। इसके साथ ही मौके से तीन नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिलें (क्रमांक CG 13 BC 4286, CG 13 AM 3427, CG 13 AR 5149) और एक बिना नंबर की डिस्कवर बाइक जब्त की गई। धरमजयगढ़ थाने में आरोपियों पर अपराध क्रमांक 337/2026, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

इस संयुक्त कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के साथ प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी, श्याम देव साहू और साइबर सेल व पुलिस लाइन की टीम शामिल रही।

अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी: एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कार्यों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आम नागरिकों से सहयोग करने और ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

Show More
Back to top button