National

राम मंदिर में दर्शन, आरती और भोग का बदला शेड्यूल, 1 नवंबर से नई समय सारिणी होगी लागू

अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में विराजमान श्रीरामलला की दैनिक पूजा, आरती, भोग, विश्राम और दर्शन की समय-सारणी में बदलाव किया गया है। ऋतु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। नया शेड्यूल 1 नवंबर से प्रभावी होगा, जिसके तहत मंदिर के पट सुबह 4 बजे खुलेंगे और रात 10 बजे बंद कर दिए जाएंगे। वर्तमान व्यवस्था में मंदिर सुबह 3:45 बजे खुलता है और रात 10:30 बजे बंद होता है।

सुबह की आरती और दर्शन का नया समय

लागू होने वाली नई व्यवस्था के अनुसार, सुबह 4:30 बजे से 4:40 बजे तक मंगला आरती संपन्न होगी। इसके बाद सुबह 6:30 बजे श्रृंगार आरती की जाएगी। आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन सुबह 7 बजे से शुरू होंगे। सुबह 8 बजे से 8:10 बजे तक बालभोग अर्पित करने के लिए 10 मिनट तक पट बंद रहेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे राजभोग की प्रक्रिया शुरू होगी और दोपहर 12 बजे राजभोग आरती की जाएगी।

दोपहर में विश्राम और शाम की पूजा का शेड्यूल

दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक श्रीरामलला विश्राम करेंगे। इस दौरान मंदिर के पट बंद रहेंगे। इसके बाद पुजारियों के प्रवेश और अल्पभोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर 1:35 बजे से श्रद्धालु पुनः दर्शन कर सकेंगे। शाम के समय 4 बजे से 4:10 बजे तक बालभोग के लिए पट बंद रखे जाएंगे।

शाम 7 बजे संध्या आरती संपन्न होगी। इसके बाद रात 9:30 बजे शयन आरती की जाएगी और ठीक रात 10 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। नई समय-सारणी के लागू होने के बाद अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए इसी निर्धारित व्यवस्था का पालन करना होगा।

Show More
Back to top button