Raigarh

विजयदशमी पर रायगढ़ पुलिस ने किया शस्त्र पूजन, मां भवानी की आराधना के बाद गूंजी हर्ष फायरिंग

  • एसएसपी शशि मोहन सिंह की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों ने पूरे विधि-विधान से पूजे अस्त्र-शस्त्र और वाहन, थानों में भी निभाई गई परंपरा

रायगढ़। विजयदशमी के अवसर पर रायगढ़ पुलिस लाइन में पारंपरिक एवं वैदिक विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह की उपस्थिति में एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एडिशनल एसपी ट्रैफिक पुष्पेंद्र सिंह बघेल सहित जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शस्त्र पूजन में हिस्सा लिया। शस्त्र पूजन से पहले पुलिस के सभी अस्त्र-शस्त्रों और वाहनों की विधिवत साफ-सफाई कर उन्हें पूजा स्थल पर सुसज्जित किया गया। इसके बाद मां भगवती की आराधना करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हथियारों और वाहनों की पूजा की गई। परंपरा के अनुसार देवी को प्रसन्न करने के लिए राखिया फल की बलि भी दी गई।

पूजन संपन्न होने के बाद विजयदशमी की परंपरा का निर्वहन करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह समेत सभी पुलिस अधिकारियों ने हर्ष फायरिंग की। इस आयोजन में डीएसपी उन्नति ठाकुर, सीएसपी राहुल उइके, डीएसपी रोहित शुक्ला, उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह और कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी सहित पुलिस लाइन का पूरा अमला उपस्थित रहा।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिलेवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सत्य, धर्म और न्याय की विजय का प्रतीक है।

उन्होंने नागरिकों से आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि रायगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह तत्पर है। पुलिस लाइन के अलावा रायगढ़ जिले के सभी थानों और चौकियों में भी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में शस्त्र पूजन किया गया। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने अपने अस्त्र-शस्त्रों की सफाई कर पूजा-अर्चना की और नागरिकों की सुरक्षा व जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

म

Show More
Back to top button