Chhattisgarh

अमलीडीह में 18 वर्षीय युवक को पेपर कटर से उतारा मौत के घाट

रायपुर। राजधानी के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित अमलीडीह में शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने 18 वर्षीय युवक पर धारदार पेपर कटर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान अमलीडीह निवासी गौरव सेन के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10:30 बजे गौरव किसी काम से बाहर निकला था। घर लौटते समय अमलीडीह स्थित स्वर्ण जयंती चौक के पास पहले से मौजूद कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया। इससे पहले कि वह संभल पाता, आरोपियों ने पेपर कटर निकालकर उसकी जांघ पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

अत्यधिक रक्तस्राव से मौके पर ही तोड़ा दम

हमले में गौरव की जांघ की मुख्य नस कट गई, जिससे तेजी से खून बहने लगा। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण वह कुछ ही मिनटों में खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

सड़क पर युवक का शव देखकर स्थानीय नागरिकों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलने पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और परिजनों को सूचित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, हत्या की वजह अस्पष्ट

न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। हालांकि, हत्या के पीछे की मुख्य वजह क्या थी और इस वारदात में कौन-कौन शामिल थे, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

Show More
Back to top button