पेड़ पर लटका मिला आरक्षक का शव, एसपी कार्यालय में थे पदस्थ

पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव में कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ एक आरक्षक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय नरहरि पटेल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जिसके बाद पत्थलगांव थाना पुलिस ने कोरबा पुलिस को घटना की सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। आरक्षक का शव पेड़ पर सफेद रंग की चुन्नी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
एसपी कार्यालय की स्टेनो शाखा में थे पदस्थ
मूल रूप से पत्थलगांव निवासी नरहरि पटेल साल 2013 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वह 27 सितंबर 2023 से सिविल लाइन रामपुर में पदस्थ थे और वर्तमान में कोरबा एसपी कार्यालय की स्टेनो शाखा में कार्यरत थे। वह कोरबा के मानिकपुर स्थित दादर बस्ती में निवास करते थे। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी हैं।
घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
आरक्षक ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। इसके अलावा वह कोरबा से पत्थलगांव कब और किस वजह से आए थे, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है।
पत्थलगांव पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मौके पर पहुंचने और पंचनामा की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

