Raigarh

रायगढ़ जिला अस्पताल का होगा कायाकल्प: अब एक ही छत के नीचे मिलेगी MRI, CT स्कैन और ICU की सुविधा, 300 बिस्तर के नए भवन की तैयारी तेज, कलेक्टर ने किया मुआयना

  • किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय परिसर में बनेगा 300 बेड का नया भवन और 30 बेड का अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर
  • कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने किया प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण, जर्जर भवन को तत्काल डिस्मेंटल करने के सख्त निर्देश
  • मरीजों को अब एक ही छत के नीचे मिलेगी आईसीयू, वेंटिलेटर, डायलिसिस, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी महानगरों वाली सुविधाएं

रायगढ़। किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय परिसर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत 300 बेड के नए अस्पताल भवन और 30 बेड के आधुनिक ट्रॉमा सेंटर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने मंगलवार को निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद पुराने और जर्जर भवन को शीघ्र डिस्मेंटल कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू और आधुनिक जांच सुविधाएं

प्रस्तावित बहुमंजिला अस्पताल में मरीजों को एक ही छत के नीचे आधुनिक जांच और आपातकालीन उपचार की सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। यहां 24 घंटे आपातकालीन एवं ट्रॉमा सेवाओं के साथ गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू, एचडीयू, पीआईसीयू और वेंटिलेटर युक्त बेड की व्यवस्था रहेगी। जांच सेवाओं के विस्तार के लिए एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी अत्याधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। इसके अलावा परिसर में पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, ब्लड बैंक, 6 बेड का डायलिसिस वार्ड, बर्न वार्ड और चार अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर स्थापित किए जाएंगे।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं पर जोर

नए अस्पताल भवन में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए प्रसव कक्ष, मदर एवं न्यू बॉर्न वार्ड तथा नवजात शिशुओं की गहन देखभाल के लिए एसएनसीयू और एनआईसीयू वार्ड तैयार किए जाएंगे। अस्पताल में फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास केंद्र के साथ सामान्य और निजी वार्डों की भी सुविधा होगी। मरीजों तथा उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतीक्षालय, सुगम पंजीयन काउंटर, परामर्श कक्ष, पार्किंग, लिफ्ट, रैंप और कैफेटेरिया का निर्माण भी कार्ययोजना में शामिल है।

प्रशासन के अनुसार, इस नए अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के शुरू होने से रायगढ़ जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को गंभीर बीमारियों और आपातकालीन स्थितियों में बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा लाभ मिल सकेगा। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत और सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार पटेल समेत संबंधित तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button