Raigarh

रायगढ़ में इवनिंग वॉक पर निकले कॉलेज प्रोफेसर का अपहरण, UPI से 1 लाख रुपये ट्रांसफर कराए; एक आरोपी हिरासत में

रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जकेला में इवनिंग वॉक पर निकले डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता का अपहरण कर यूपीआई के जरिए करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रोफेसर को भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी से सकुशल रेस्क्यू कर लिया है। वारदात के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

चाकू की नोक पर ले गए अज्ञात स्थान, यूपीआई से ट्रांसफर कराए रुपये

पीड़ित कपुरचंद गुप्ता निवासी जकेला के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच वह गांव में डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान लगने पर वह सड़क किनारे डबरी के पास माइलस्टोन पत्थर पर बैठे थे, तभी दो अज्ञात व्यक्ति पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की तरफ ले गए। आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल से ग्राम पंडरीपानी ले गए।

वहां आरोपियों ने मारपीट कर प्रोफेसर से मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay और BHIM ऐप से जुड़ी जानकारी हासिल की। इसके बाद आरोपियों ने एक महिला से संपर्क कर उसका क्यूआर कोड मंगवाया और पीड़ित के खाते की लिमिट (करीब ₹1 लाख) समाप्त होने तक लगातार रकम ट्रांसफर कराई। परिजनों को शक न हो, इसलिए आरोपियों ने पीड़ित से घर पर फोन करवाकर कुशल-मंगल की बात कहलवाई। इसके बाद पीड़ित को पंडरीपानी में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।

परिजनों के पहुंचने पर भागे आरोपी, पुलिस ने किया रेस्क्यू

पीड़ित के परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर लोकेशन का पता लगाकर पंडरीपानी पहुंचे। परिजनों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सकुशल बरामद किया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुसौर पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होना स्वीकार किया है।

केस दर्ज, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने उस महिला से संपर्क कर ट्रांसफर की गई पूरी एक लाख रुपये की रकम सुरक्षित करा ली है जिसके खाते में पैसे भेजे गए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुसौर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि अपहरण जैसी गंभीर घटनाओं में पुलिस की प्राथमिकता पीड़ित की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी होती है। पुसौर पुलिस ने तत्परता से पीड़ित को सुरक्षित रेस्क्यू किया है और मामले में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Show More
Back to top button