Raigarh

गार्ड पर गोली चलाने वाला बिहार से गिरफ्तार, दोस्त की डांट का बदला लेने की थी रंजिश

  • बिहार के खेत में छिपा था आरोपी विवेक यादव, वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद

रायगढ़, 21 अगस्त। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से दूसरे राज्य में जाकर छिप गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसका सुराग लगाया और स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी जब्त कर ली है।

देर रात शराब दुकान के सामने विवाद के बाद दागी थी गोली
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे गेरवानी स्थित शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक युवक अपने साथी के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। बात बढ़ने पर युवक ने अचानक पिस्टल निकालकर गार्ड चंद्रशेखर पटेल के पेट में गोली मार दी। वारदात के बाद घायल गार्ड ने आहाते के पीछे छिपकर जान बचाई और साथी कर्मचारियों व 112 को सूचना दी। मामले में पूंजीपथरा थाना पुलिस ने बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, स्टील प्लांट का निकला मजदूर
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और गेरवानी क्षेत्र के विभिन्न प्लांटों में काम करने वाले मजदूरों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि अग्रोहा स्टील प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करने वाला 19 वर्षीय विवेक कुमार यादव घटना के बाद से गायब है। संदेह पुख्ता होने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में बिहार के जमुई जिले भेजी गई।

पुलिस को देख खेत की ओर भागा आरोपी, 2 घंटे की घेराबंदी में दबोचा
बिहार के खैरा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जीतझिंगोई पहुंची पुलिस टीम की भनक मिलते ही आरोपी विवेक यादव घर से निकलकर खेतों की ओर भाग गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर करीब दो घंटे तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया और खेत में छिपे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रायगढ़ लाकर की गई कड़ाई से पूछताछ में उसने गार्ड पर फायरिंग करने की बात कबूल कर ली।

फोरमैन को डराने खरीदी थी पिस्टल, दोस्त के रोने पर दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपी विवेक ने बताया कि स्टील प्लांट का फोरमैन उसे परेशान करता था, जिसे डराने के लिए उसने अपने गांव से 30 हजार रुपये में एक पिस्टल खरीदी थी। 17 अगस्त की शाम वह अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ शराब दुकान गया था, जहां गार्ड चंद्रशेखर पटेल ने देर रात आने पर दोनों को डांटकर भगा दिया था। डांट से नाराज होकर रोशन रोने लगा, जिससे गुस्से में आकर विवेक लेबर क्वार्टर से पिस्टल ले आया और गार्ड पर गोली चला दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी विवेक यादव को जेल भेज दिया है, जबकि उसके फरार साथी रोशन ठाकुर की तलाश जारी है।

Show More
Back to top button