खरसिया विधायक उमेश पटेल के विशेष प्रयासों से ग्राम दर्रामुड़ा में बनकर तैयार हुआ भव्य सामुदायिक भवन : गिरीश राठिया

खरसिया। ग्राम दर्रामुड़ा के निवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग अब पूरी हो चुकी है। युवा कांग्रेस नेता गिरीश राठिया ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि गांव के लिए यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि नया सामुदायिक भवन लगभग पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है। इस निर्माण कार्य से क्षेत्रवासियों में अपार उत्साह है। उन्होंने इस उपलब्धि पर पूरे दर्रामुड़ा निवासियों को बधाई देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
गिरीश राठिया ने खरसिया के लोकप्रिय विधायक उमेश पटेल के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि खरसिया विधायक उमेश पटेल के सतत प्रयासों और विशेष सहयोग से ही इस सामुदायिक भवन की स्वीकृति संभव हो सकी है। विधायक उमेश पटेल की क्षेत्र के विकास के प्रति संवेदनशीलता और जन-जन की मांगों को प्राथमिकता देने की दूरदर्शी सोच के कारण ही ग्रामवासियों की यह वर्षों पुरानी मांग धरातल पर उतर सकी है।
युवा नेता ने इस नवनिर्माण के लिए सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड कंपनी का भी धन्यवाद ज्ञापित किया, जिसने अपनी सीएसआर (CSR) मद से इस भव्य सामुदायिक भवन का निर्माण सुनिश्चित किया। विधायक उमेश पटेल के प्रभावी समन्वय और कंपनी की इस जन-कल्याणकारी पहल के संयुक्त परिणाम स्वरूप ही गांव को यह आधुनिक और सुविधायुक्त भवन प्राप्त हो सका है।
गिरीश राठिया ने आगे जानकारी दी कि नवनिर्मित सामुदायिक भवन के साथ-साथ क्षेत्र में निर्माणाधीन चबुतरा, डिजिटल भवन और शेड निर्माण जैसे अन्य विकास कार्यों का कार्य भी अंतिम चरण में है। बहुत जल्द ही विधायक उमेश पटेल और अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में इन सभी विकास कार्यों का भव्य लोकार्पण कर इन्हें सर्वसमाज व ग्रामवासियों को समर्पित किया जाएगा।


