Raigarh

स्मार्ट मीटर के खिलाफ युकां और भाराछासं का हल्लाबोल, बेरिकेट्स के सामने फिल्मी गानों पर थिरके कार्यकर्ता

रायगढ़। बढ़ती बिजली दरों और लगातार बिजली कटौती के खिलाफ आज यूथ कांग्रेस व एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने गांधी प्रतिमा के पास से सभा करते हुए, हजारों की संख्या में युवा कार्यकर्ता और कांग्रेस जनों के साथ कलेक्ट्रेट की और मार्च निकाला  और स्मार्ट मीटर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आरिफ हुसैन (जिलाध्यक्ष, एनएसयूआई) व अनमोल (युवा कांग्रेस नेता) के नेतृत्व में युवा कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी आवाज बुलंद की। इस मौके पर दोनों युवा नेताओं आरिफ हुसैन और अनमोल अग्रवाल की जोड़ी ने खूब रंग जमाया।

प्रदर्शनकारी युवाओं ने ‘बिजली दो, बिल कम करो’ व विष्णु सायं सरकार मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन में खरसिया विधायक व पूर्व मंत्री उमेश पटेल न भी शामिल हुए और उन्होंने कहा, बढ़ती बिजली दरों के खिलाफ अब बड़ा आंदोलन होगा। जनता को राहत दिलाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करेगी। वहीं आरिफ ने कहा, आज का प्रदर्शन सिर्फ शुरुआत है। अगर बिजली बिलों पर राहत नहीं दी गई, तो अगला कदम और तीखा होगा। अनमोल ने कहा, युवा कांग्रेस की यह ऊर्जा किसी भी अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी। हम आखिरी दम तक लड़ेंगे।

भारी संख्या में पुलिस के जवान और अधिकारी मौजूद रहे साथ ही कलेक्टर ऑफिस से पहले दो दो स्थानों पर पुलिस ने बेरिगेटिंग की जिसे कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया, जहां पुलिस ने भरी बल प्रयोग करते हुए सबको रोका, वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति और कांग्रेस नेताओं ने गांधी वादी तरीके से इस मार्च को करने की बात करते हुए कोई भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव और नगेन्द्र नेगी, प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव राकेश पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष युवा नेता लोकेश साहू का सफल मार्गदर्शन रहा, कार्यक्रम में रायगढ़ कांग्रेस के लगभग सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि मौजूद रहे और युवाओं को पूरा समर्थन दिया।

युवाओं के इस जोश ने साफ कर दिया कि कांग्रेस एक बार फिर हर मोर्चे पर सरकार को घेरने को तैयार है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में तीन से चार गुना तक बढक़र आ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर व्यवस्था और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारे लगाए। इस दौरान सरकार पर तंज कसते हुए नारे लगाए गए कि  ‘साय-साय सरकार में बिजली भी साय-साय गायब हो रही है। कुछ नेताओं ने विभाग में स्थानांतरण और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।

हालांकि प्रदर्शन के बीच एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। जहां मंच से वरिष्ठ नेता लगातार बिजली संकट और जनता की समस्याओं पर भाषण दे रहे थे, वहीं दूसरी ओर कुछ कार्यकर्ता वॉटर कैनन चलाओ के नारे लगाने लगे। इसी बीच हल्की बारिश शुरू हो गई तो कई कार्यकर्ता फिल्मी गानों की धुन पर नाचने लगे और बारिश का आनंद लेने लगे। कुछ देर के लिए प्रदर्शन का माहौल गंभीर विरोध से हटकर उत्सव जैसा दिखाई दिया। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों और राहगीरों के बीच भी यह चर्चा का विषय बन गया कि जिस आंदोलन का उद्देश्य जनता की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरना था, उसका एक हिस्सा अचानक मनोरंजन का रूप लेता नजर आया।

स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने इसे अनोखा विरोध प्रदर्शन बताते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साह करार दिया और प्रदर्शन को फिर से मुद्दों की ओर मोडऩे का प्रयास किया। बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और बिजली कटौती जैसे मुद्दों पर कांग्रेस ने सरकार से तत्काल समाधान की मांग की है। वहीं प्रदर्शन के दौरान बारिश में नाचते कार्यकर्ताओं की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बनी रहीं। कई लोगों ने इसे कार्यकर्ताओं का उत्साह बताया, जबकि कई अन्य लोगों ने सवाल उठाया कि क्या गंभीर जनसमस्याओं से जुड़े आंदोलन के दौरान इस तरह का व्यवहार आंदोलन के संदेश को कमजोर नहीं करता।

Show More
Back to top button