खरसिया में शासकीय भूमि पर अवैध फ्लाईऐश डंपिंग का भंडाफोड़, डंपिंग के दौरान ट्रेलर पलटा, ग्रामीणों ने की एसडीएम से शिकायत

खरसिया, 27 फरवरी 2026। रायगढ़ जिले के तहसील खरसिया अंतर्गत ग्राम छोटे देवगांव में शासकीय भूमि पर कथित रूप से अवैध फ्लाईऐश (डस्ट) डंपिंग का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम छोटे देवगांव निवासी घनश्याम पटेल (पिता बुन्दराम पटेल) ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) खरसिया को लिखित शिकायत सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कान्ता प्रसाद गुप्ता (पिता संतराम गुप्ता), निवासी ग्राम छोटे देवगांव, द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध रूप से फ्लाईऐश डंप कर कब्जा किया जा रहा है।
आवेदक के अनुसार ट्रेलर वाहन क्रमांक CG10CB8001 सहित अन्य ट्रेलरों के माध्यम से उक्त स्थान पर फ्लाईऐश डाली जा रही थी। आवेदन में उल्लेख है कि 27 फरवरी 2026 की रात कथित रूप से अवैध डंपिंग के दौरान एक ट्रेलर वाहन मौके पर पलट गया। शिकायतकर्ता ने संबंधित वाहन को जब्त कर कानूनी कार्रवाई करने तथा शासकीय भूमि पर हो रही कथित अवैध डंपिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। घनश्याम पटेल ने बताया कि इस संबंध में तहसीलदार को भी आवेदन दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों। प्रशासन की ओर से मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

