Raigarh

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक की मौत, मामला दर्ज

रायगढ़। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झगरपुर पुल के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार यह घटना 10 दिसंबर 2025 की है। मजदूरी का पैसा लेकर तीन युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे।

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक अन्य बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रमन मंडावी (26 वर्ष), निवासी ग्राम सोनाजोरी, गंभीर रूप से घायल हो गया।‌ घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ ले जाया गया, जहां सिर में गंभीर चोट लगने के कारण 11 दिसंबर 2025 को उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण सिर में आई गंभीर चोट बताया गया है।

मामले की मर्ग जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल निरीक्षण से दुर्घटना की पुष्टि हुई। जांच के आधार पर लैलूंगा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG-14-MU-0349 के अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(1) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी बाइक चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Back to top button