Chhattisgarh

यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम की सूचना निकली झूठी, राजनांदगांव स्टेशन पर दो घंटे तक रुकी रही ट्रेन

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर गुरुवार दोपहर यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही एक यात्री ने लोको पायलट के पास जाकर दावा किया कि बोगी में बम रखा है और वह 10 मिनट में फट जाएगा। इसके बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने आनन-फानन में सघन जांच अभियान चलाया, जिसमें सूचना पूरी तरह झूठी निकली। लोको पायलट की सूचना पर रेलवे अधिकारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल (RPF), शासकीय रेल पुलिस (GRP), स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड तुरंत मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन को स्टेशन पर ही रोक दिया गया और करीब दो घंटे तक बोगियों की बारीकी से जांच की गई। किसी भी प्रकार का विस्फोटक न मिलने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने खंगाली हर बोगी

राजनांदगांव स्टेशन मास्टर आरके बर्मन के अनुसार, यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस दोपहर करीब 2:30 बजे स्टेशन पर पहुंची थी। उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने लोको पायलट को बम की जानकारी दी। इस सूचना के तुरंत बाद सीएसपी समेत तमाम संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया। स्टेशन पर पहुंची सुरक्षा टीमों ने डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल उपकरणों की मदद से ट्रेन के सभी डिब्बों और यात्रियों के सामान की सघन तलाशी ली। जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पूरी प्रक्रिया सामान्य होने के बाद शाम करीब 4:30 बजे ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

अफवाह फैलाने वाला संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी

स्टेशन पर दहशत का माहौल पैदा करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया है। सुरक्षा बलों ने उसका सामान भी जब्त कर लिया और उसे जीआरपी राजनांदगांव के हवाले कर दिया। जीआरपी उससे इस बात की पूछताछ कर रही है कि उसने यह झूठी सूचना क्यों दी और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी। स्टेशन मास्टर आरके बर्मन ने स्पष्ट किया कि इस घटना की वजह से यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस को करीब दो घंटे तक स्टेशन पर खड़ा रखना पड़ा, लेकिन रेल नेटवर्क की अन्य ट्रेनों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा। दूसरी पटरियों के माध्यम से रेल यातायात को सामान्य रूप से संचालित रखा गया।

Show More
Back to top button