KharsiaRaigarh

माध्यमिक व प्राथमिक शाला मदनपुर में चोरी, अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज

खरसिया। खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला मदनपुर एवं शासकीय प्राथमिक शाला मदनपुर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। घटना का खुलासा दिनांक 02 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 9:30 बजे हुआ, जब विद्यालय खोला गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय के प्रभारी प्रधान पाठक प्रशांत कुमार सिंह ने चौकी खरसिया में लिखित आवेदन देकर बताया कि दिनांक 31 जनवरी 2026 को विद्यालय बंद कर दिया गया था।

02 फरवरी को विद्यालय खोलने पर कक्षा 6वीं एवं 8वीं के कमरों की खिड़की का ग्रिल टूटा हुआ मिला तथा भीतर रखा विद्युत सामान गायब था। चोरों द्वारा माध्यमिक शाला मदनपुर से लगभग 300 मीटर तांबा तार, 30 मीटर बिजली पाइप, 4 नग बिजली बोर्ड एवं 4 नग सीलिंग फैन चोरी कर लिए गए, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 18,200 रुपये बताई गई है। वहीं प्राथमिक शाला मदनपुर से 50 मीटर तांबा तार एवं एक बिजली बोर्ड चोरी हुआ, जिसकी कीमत लगभग 1,100 रुपये है। इस प्रकार कुल चोरी गए सामान की कीमत लगभग 19,500 रुपये आंकी गई है।

प्रधान पाठक द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर चौकी खरसिया में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच प्रारंभ कर दी गई है तथा आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश की जा रही है। विद्यालय में हुई चोरी की इस घटना से शिक्षा विभाग एवं ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। मामले की सूचना विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भी दे दी गई है।

Show More
Back to top button