
रायगढ़। ओडि़शा और छत्तीसगढ़ के बीच कोल परिवहन को लेकर एक बार फिर नया विवाद शुरू हो गया है। बीजेएमएस यूनियन द्वारा छत्तीसगढ़ की गाडिय़ों को समझौते से कम लोडिंग देने व प्रति वाहन 4 सौ रूपए लिये जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच इस कदर तकरार बढ़ी कि ओडि़शा के ट्रांसपोर्टरों ने रायगढ़ के कुछ ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों के साथ मारपीट करते हुए उन्हें बंधक बनाने का प्रयास भी किया। इस बात की जानकारी मिलने पर रायगढ़ से अन्य गाड़ी मालिक भी वहां पहुंचे तथा पुलिस को घटना की सूचना दी। तमनार से पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर ओडि़शा के ट्रांसपोर्टरों के कब्जे से रायगढ़ के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को छुड़वा कर अपने साथ थाने ले आई। वहीं, पीडि़त ट्रांसपोर्टरों ने तमनार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद माहौल शांत हो गया है परंतु ओडि़शा सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।
ओडि़सा की खदानों से रायगढ़ के उद्योगों ने कोल परिवहन का कार्य रायगढ़ के अलावा ओडि़शा के ट्रांसपोर्टर भी करते हैं। पूर्व में ओडि़शा में रायगढ़ के ट्रांसपोर्टरों की गाडिय़ों को रोक देने व बराबर लोडिंग न देने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद रायगढ़ के ट्रांसपोर्टरों ने अपनी गाडिय़ों के लिए 40 प्रतिशत लोडिंग की मांग रखते हुए छत्तीसगढ़ की सीमा में धरना प्रदर्शन करते हुए ओडि़शा की गाडिय़ों को भी छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने से रोक दिया था। रविवार की शाम को रायगढ़ से ट्रांसपोर्ट व्यवसायी संजय अग्रवाल, सतीश चौबे, प्रभा शाही, शंकर अग्रवाल, आशीष यादव सहित अन्य ट्रांसपोर्टर ओडि़शा गये थे जहां समझौते के अनुसार छत्तीसगढ़ के ट्रांसपोर्टरों को 33 प्रतिशत लोडिंग नहीं दिये जाने तथा ओडि़शा यूनियन द्वारा 4 सौ रूपए प्रति गाड़ी लिये जाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
रायगढ़ के ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि यदि ओडि़शा में 4 सौ रूपए लिया जावेगा तो छत्तीसगढ़ में भी ओडि़शा की गाडिय़ों से राशि ली जाएगी। दोनों मुद्दों को लेकर हो रही टपरिया बार्डर पर चल रही बहस ने उस वक्त झगड़े का रूप ले लिया, जब गोपाल, धीरेन्द्र, विपिन, धनी, तेजराम और १०० से अधिक लोग शंकर अग्रवाल के साथ हाथापाई पर उतर आए। इधर तमनार थाने में सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमला पुसाम दलबल के साथ तत्काल टपरिया के लिए रवाना हुई, वहीं रायगढ़ से भी अनुप बंसल, हरमीत घई सहित अन्य ट्रांसपोर्टर टपरिया पहुंचे। तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम ने दोनों पक्षों को समझाईश देते हुए माहौल को शांत करवाया।

