घरघोड़ा पुलिस ने 24 मीट्रिक टन कोयला गबन के आरोपी को बिहार से किया गिरफ्तार, 10 लाख का ट्रक जप्त

रायगढ़। ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत घरघोड़ा पुलिस ने कोयला परिवहन के दौरान 24.620 मीट्रिक टन कोयले की हेराफेरी कर बेचने वाले आरोपी को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जप्त किया है। आरोपी को बिहार से ट्रांजिट रिमांड पर लाकर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
जामपाली से अकलतरा परिवहन के दौरान हुआ था गबन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बोईरदादर रायगढ़ निवासी विवेक पाण्डेय ने 8 मई 2026 को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि राज ट्रांसपोर्ट, ढिमरापुर रायगढ़ द्वारा कोयला परिवहन का कार्य किया जाता है। जनवरी 2026 में जामपाली कोयला खदान से आरसमेटा प्लांट अकलतरा (जिला जांजगीर-चांपा) के लिए डालाबाड़ी ट्रक क्रमांक CG-12-S-4455 के चालक लल्लन प्रसाद से 700 रुपये प्रति टन की दर से परिवहन तय हुआ था।
उसी शाम ट्रक में जी-10 ग्रेड का 24.620 मीट्रिक टन कोयला लोड कर रवाना किया गया, लेकिन वाहन अगले दिन तक गंतव्य पर नहीं पहुंचा। चालक ने शुरुआत में फोन नहीं उठाया और करीब 10 दिन बाद फोन रिसीव कर कोयला किसी अन्य जगह बेचने की बात कही। करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य के कोयले की अमानत में खयानत पर पुलिस ने धारा 318(4) और 316(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
रोहतास से ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया आरोपी
विवेचना के दौरान मोबाइल नंबर की तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी के बिहार के रोहतास जिले में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल के नेतृत्व में टीम बिहार रवाना की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी ललन कुमार पासवान (57 वर्ष), निवासी अमरथा, थाना काराकाट, जिला रोहतास (बिहार) को हिरासत में लिया।
आरोपी को प्रथम श्रेणी अपर अनुमंडल मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विक्रमगंज के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने हड़पे गए कोयले को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ईंट बनाने वालों को बेच दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जप्त कर लिया है।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी और अमानत में खयानत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध कर दूसरे राज्यों में छिपने वाले आरोपियों की भी लगातार पतासाजी कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई खेमराज पटेल, आरक्षक उधोराम पटेल और मनोज जोल्हे शामिल रहे।

