
रायगढ़-खरसिया। खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रानीसागर में एक ईंट निर्माण साइट से सांचा चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। प्रार्थी खेमराज पटेल, पिता डोलनारायण पटेल निवासी रानीसागर ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वे अपने गांव में ही ईंट बनाने का प्लॉट स्थापित करवा रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने वहां ईंट बनाने के कीमती सांचे लाकर रखे थे। चोरी की यह घटना 13 जनवरी की देर रात से 14 जनवरी की सुबह के बीच घटित हुई।
प्रार्थी के अनुसार 13 जनवरी की रात करीब 11:00 बजे तक सामान सुरक्षित था, लेकिन जब वे अगले दिन 14 जनवरी की सुबह 8:00 बजे साइट पर पहुंचे, तो वहां से ईंट बनाने के सांचे गायब मिले। आसपास तलाश करने और पूछताछ करने के बाद भी जब सांचों का कहीं पता नहीं चला, तब खेमराज पटेल ने पुलिस की शरण ली। गायब हुए सांचों की कुल कीमत लगभग 70,000 रुपये बताई जा रही है। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रात्रि के अंधेरे का फायदा उठाकर इतनी बड़ी चोरी को अंजाम दिया गया है। आवेदक की रिपोर्ट पर खरसिया पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है और अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी गई है।

