Raigarh

रायगढ़ के 85 हजार से अधिक किसानों के खातों में पहुंचे 17.11 करोड़ रुपये, पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी

रायगढ़। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 85 हजार 295 किसानों के बैंक खातों में कुल 17 करोड़ 11 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई है। योजना की 24वीं किस्त के तहत किसानों को यह आर्थिक सहायता सीधे उनके खातों में भेजी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित केंद्रीय कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए यह राशि हस्तांतरित की। इस राज्यस्तरीय व राष्ट्रीय प्रसारण के साथ ही रायगढ़ जिले के पंजीकृत किसानों को भी योजना का लाभ मिला।

जिलेभर में मनाया गया पीएम किसान उत्सव दिवस

शासन के निर्देशानुसार राशि हस्तांतरण के इस अवसर को जिले में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र, विकासखंड कार्यालयों, पंचायत मुख्यालयों, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों तथा कृषि उपज मंडियों सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही और बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की। उपस्थित किसानों ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन और किस्त अंतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा व सुना।

सालाना तीन किस्तों में दी जाती है आर्थिक मदद

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। प्रशासन के अनुसार इस योजना से मिलने वाली राशि से किसानों को अपनी कृषि और दैनिक घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने में जरूरी आर्थिक सहयोग मिलता है।

Show More
Back to top button