
रायगढ़, 18 फरवरी। मामा के घर से खाना खा कर वापस लौट रहे युवक को पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जला देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। गांव में सीसीटीवी फुटेज में दो लोग उसका रास्ता रोक कर बातचीत करते नजर आ रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि उक्त दोनों आदतन बदमाश है, उन्होंने घटना को अंजाम दिया है। वहीं अस्पताल से मिली तहरीर पर पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए छानबीन शुरू कर दी है। उक्त घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार खरसिया थानांतर्गत ग्राम चपले निवासी शिव कुमार पटैल पिता स्व. लेखराम पटैल कुनकुनी साईडिंग में वेल्डर का काम करता था। सोमवार (16 फरवरी) को वह मौहापाली बैंक से रूपए निकालने गया था। रूपए नहीं निकलने पर अपने मामा शत्रुघन पटैल के घर चला गया। वहीं रात में खाना खाने के बाद तकरीबन साढ़े 10 बजे अपने घर वापस आने के लिए निकला था। मौहापाली से लगभग आधा किलोमीटर दूर भांटापारा बस्ती की एक गली में मंगलवार (17 फरवरी) की सुबह ग्रामीणों ने शिव कुमार को अधजले अवस्था में देखा तो शत्रुघन को इसकी सूचना दिये। वहीं भांजे के जले हालत में पड़े होने की जानकारी मिलते ही शत्रुघन पटैल भांटापारा पंहुचा तो देखा कि उसकी सांसे चल रही थी तथा उसका शरीर तकरीबन 60 प्रतिशत जल चुका है।
ऐसे में उसे खरसिया अस्ताल ले जाया गया जहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रायगढ़ रेफर कर दिया। शिव कुमार पटैल को मेकाहारा में लाकर भर्ती कराया गया जहां मंगलवार (17 फरवरी) की शाम को जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए उसके सांसों की लड़ियां टूट कर बिखर गई। अस्पताल से मिली तहरीर पर पुलिस ने शून्य में मर्ग कायम करते हुए मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। शिव पटैल के जले हुए हालत में मिलने पर गांव में एक दो घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गये। सीसीटीवी में देखने पर रात लगभग 11 बजे भांटापारा में गांव के ही दो युवक उसका रास्ता रोक कर कुछ बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
मृतक के मामा शत्रुघन पटैल का कहना है कि सीसीटीवी में जो युवक दिख रहे हैं उनका नाम निलेश डेंजारे व कृष्णा उर्फ गंगाराम है। दोनों ही आदतन बदमाश है और आये दिन मारपीट तथा लूटपाट करते रहते हैं। शत्रुघन पटैल द्वारा उक्त दोनों युवकों द्वारा ही घटना को अंजाम देने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

