Raigarh

रायगढ़ पुलिस का कड़ा प्रहार : सप्ताह भर में ‘पीटा एक्ट’ के तहत तीसरी बड़ी कार्रवाई, बोईरदादर में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़

रायगढ़, 08 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस इन दिनों अपराधियों और अनैतिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के लिए काल बनी हुई है। शहर को सामाजिक बुराइयों से मुक्त करने के अभियान के तहत पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर अनैतिक देह व्यापार (पीटा एक्ट) पर तीसरी बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। ताज़ा कार्रवाई चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के बोईरदादर इलाके में की गई, जहाँ पुलिस ने दबिश देकर देह व्यापार के रैकेट का पर्दाफाश किया है।

पॉइंटर भेजकर बुना गया जाल
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर चर्च के पास रहने वाला नारायण वैष्णव अपने घर के भीतर बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार का संचालन कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) मयंक मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। योजनाबद्ध तरीके से पुलिस ने एक ‘पॉइंटर’ (नकली ग्राहक) तैयार कर आरोपी के पास भेजा। जैसे ही सौदा पक्का हुआ और इशारा मिला, पुलिस की संयुक्त टीम ने मकान की घेराबंदी कर रेड मार दी।

संयुक्त टीम की प्रभावी कार्रवाई
इस रेड में चक्रधरनगर पुलिस, साइबर सेल और महिला थाना की संयुक्त टीम शामिल थी। मौके से पुलिस ने मकान मालिक नारायण वैष्णव (55 वर्ष) और एक संदिग्ध महिला को पकड़ा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि नारायण वैष्णव दलाली और प्रबंधन का काम करता था और पैसों का लालच देकर महिलाओं से अनैतिक कार्य करवाता था।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामग्रियां जप्त की हैं: नगद राशि: ₹2,000/- मोबाइल फोन: 02 नग (ओप्पो और रेडमी) अन्य: भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री। चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

SSP शशि मोहन सिंह का कड़ा अल्टीमेटम
इस बड़ी कार्रवाई के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिले के असामाजिक तत्वों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है। उन्होंने कहा: “रायगढ़ में अवैध मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा, कबाड़ और देह व्यापार जैसी सामाजिक बुराइयों के लिए कोई जगह नहीं है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोग या तो सुधर जाएं या रायगढ़ छोड़ दें, अन्यथा पुलिस उनके विरुद्ध कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई जारी रखेगी।”

कार्रवाई में शामिल टीम
इस सफल रेड में CSP मयंक मिश्रा के साथ चक्रधरनगर थाना प्रभारी उप निरीक्षक जी.एल. साहू, एएसआई आशिक रात्रे, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, शांति मिरी, साइबर सेल से राजेश पटेल, नवीन शुक्ला और महिला थाने से मालती पैंकरा, इंदुलता एक्का व एलीसा टोप्पो की मुख्य भूमिका रही।

Show More
Back to top button