
रायगढ़। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े 2 लाख 18 हजार रुपए की चोरी हो गई। आरोपी ने बड़ी चालाकी से कर्मचारी को काउंटर से दूर भेजा, फिर दराज से कैश निकालकर भाग गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम नवापारा निवासी बीजेपी जिला पंचायत अध्यक्ष के पति रविन्द्र गबेल बरगढ़ के पास एनएच-49 पर पेट्रोल पंप संचालित करते हैं।
रविवार दोपहर करीब 3 बजे एक स्कूटी सवार युवक पेट्रोल पंप पहुंचा। उसने वहां काम कर रहे कर्मचारी राजेश साहू से कहा कि, उसने रात में फोन-पे के जरिए पैसे भेजे थे। अब वह पैसे वापस चाहिए। जब कर्मचारी ने बताया कि, ऐसा कोई ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड में नहीं है, तो आरोपी ने उसे बहाने से अपने साथ रोड किनारे खड़ी गाड़ी तक चलने को कहा। राजेश साहू उसके साथ स्कूटी में बैठकर सडक़ तक गया, लेकिन आरोपी उसे वहीं छोडक़र वापस पेट्रोल पंप पहुंच गया। इस दौरान काउंटर पर कोई नहीं था।
आरोपी सीधे काउंटर के पास गया, दराज खोला और उसमें रखे 2,18,000 रुपए निकालकर मौके से फरार हो गया। वारदात के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद एक महिला कर्मचारी ने आरोपी को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह तेज रफ्तार में स्कूटी लेकर भाग निकला। पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
फुटेज में आरोपी काउंटर की दराज देखते और नकदी निकालते नजर आ रहा है। इस मामले में पेट्रोल पंप संचालक रविन्द्र गबेल ने बताया कि चोरी करने वाले की उम्र लगभग 45-47 साल के आसपास लग रही है और वह स्कूटी से आया था। घटना की सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

