KharsiaRaigarh

कांग्रेस कार्यालय मदनपुर में आन-बान-शान से फहराया तिरंगा, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

रायगढ़, 26 जनवरी। देशभर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में ब्लाक कांग्रेस कमेटी खरसिया द्वारा कांग्रेस कार्यालय मदनपुर में गणतंत्र दिवस का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा आन-बान और शान के साथ फहराया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अभय मोहंती द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात नारियल फोड़कर ध्वजारोहण किया गया और उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपने सम्मान और समर्पण को व्यक्त किया। ध्वजारोहण के बाद सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और संविधान की गरिमा को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष मनोज गबेल एवं शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रामकिशून आदित्य, परीक्षित राठौर, जमील कुरैशी, सरोज चौहान, राजेश साहिस, तारेन्द्र डनसेना, अजय पटेल, रामकुमार डनसेना, डालिस पाण्डेय, नवीन गुप्ता, सुनील विश्वकर्मा, जैकी चौहान तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने 26 जनवरी के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसी दिन भारत ने अपना संविधान अपनाकर एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में नई पहचान बनाई। गणतंत्र दिवस हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने और संविधान के मूल्यों पर चलने की प्रेरणा देता है।

समारोह पूरे उत्साह, देशभक्ति और एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने राष्ट्र की प्रगति, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Show More
Back to top button