
रायगढ़-खरसिया। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में एक गंभीर सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। संजय नगर खरसिया निवासी रंजीत सिंह ठाकुर ने थाना खरसिया में लिखित आवेदन देकर पीकअप वाहन चालक पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करने का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 14 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 10:30 बजे की है। रंजीत सिंह ठाकुर के चाचा के पुत्र कुशल सिंह राजपुत, निवासी बांधापाली, तहसील छाल, अपने छोटे भाई की पुत्री सोनम सिंह राजपुत के साथ रायगढ़ से इलाज कराकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान कुनकुनी स्थित साहू ढाबा के पास पीकअप वाहन क्रमांक CG13AH 8266 के चालक ने गलत साइड से तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में कुशल सिंह राजपुत के सिर में गंभीर चोट आई है। इसके अलावा उनकी हथेली की हड्डी और अंगूठा टूट गया, साथ ही कमर और जांघ की हड्डी में भी फ्रैक्चर बताया जा रहा है। मोटरसाइकिल में पीछे बैठी सोनम सिंह राजपुत के सिर में गहरी चोट के साथ हाथ और पैर में भी चोटें आई हैं। घटना के बाद दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चपले ले जाया गया, जहां उनकी हालत को गंभीर देखते हुए जिंदल अस्पताल रायगढ़ रेफर किया गया।
जिंदल अस्पताल में उपचार के दौरान हालत में सुधार नहीं होने पर 15 जनवरी 2026 को दोनों को नारायणा अस्पताल रायपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष की ओर से खरसिया थाना में पीकअप वाहन चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(ए) एवं 281 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

