KharsiaRaigarhRaigarh

कुनकुनी में भागवत कथा में शामिल हुए विधायक उमेश पटेल, पंडित युवराज पाण्डेय से लिया आशीर्वाद

  • राठिया परिवार के आयोजन में पहुंचे विधायक, श्रद्धालुओं को किया संबोधित; 19 नवंबर को होगा कथा का समापन

रायगढ़-खरसिया, 18 नवंबर 2026। खरसिया के ग्राम कुनकुनी में राठिया परिवार द्वारा आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा में 18 नवंबर को खरसिया विधायक एवं पूर्व मंत्री उमेश पटेल शामिल हुए। उन्होंने कथास्थल पहुंचकर राष्ट्रीय कथावाचक पूज्य पंडित युवराज पाण्डेय से आशीर्वाद लिया और व्यासपीठ के समक्ष अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान विधायक ने कथा श्रवण कर रहे श्रद्धालुओं को भी संबोधित किया। उन्होंने खरसिया क्षेत्र में इतने बड़े धार्मिक आयोजन के लिए राठिया परिवार और समस्त ग्रामवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उमेश पटेल ने कहा कि आज उन्हें पंडित युवराज पाण्डेय की कथा सुनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कामना की कि आगे भी उन्हें कथा श्रवण का ऐसा अवसर मिलता रहे। विधायक ने कहा कि आज केवल ग्राम कुनकुनी ही नहीं, बल्कि पूरा खरसिया अंचल पंडित युवराज पाण्डेय की कथा सुनने के लिए लालायित था। आज यह अवसर मिला है, जो हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।

विधायक ने इस धार्मिक आयोजन के लिए राठिया परिवार की सराहना करते हुए समस्त ग्रामवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों को कथा श्रवण और धार्मिक वातावरण में शामिल होने का अवसर मिलता है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने भगवान से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान का आशीर्वाद हम सबके ऊपर बना रहे।

19 नवंबर को होगा समापन
ग्राम कुनकुनी में इस संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ 13 नवंबर 2026 को कलश यात्रा, वेदी पूजन, गौकर्ण एवं भागवत जी महात्म्य के साथ हुआ था। 19 नवंबर को सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष, चढ़ोत्तरी, तुलसी वर्षा, गीतादान, हवन-यज्ञ, महाप्रसादी, भोग-भंडारा और शोभायात्रा के साथ कथा का समापन होगा। आयोजन में आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचकर कथा का रसपान कर रहे हैं।

Show More
Back to top button