Raigarh

रायगढ़ में नहाय-खाय से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व, केलो नदी के घाटों पर तैयारियां पूरी

रायगढ़। जिले में चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर केलो नदी के किनारे बने घाटों की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ इस महापर्व की शुरुआत होगी। पर्व के दौरान हजारों श्रद्धालु केलो नदी के तट पर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। नगर निगम प्रशासन और विभिन्न पूजा समितियों की ओर से घाटों पर जरूरी सुविधाएं जुटा ली गई हैं। शहर में नगर निगम क्षेत्र के तहत तीन प्रमुख छठ घाट आते हैं। इनमें जूटमिल क्षेत्र में केलो नदी किनारे बना बड़ा छठ घाट, एसईसीएल रोड के पास स्थित घाट और खर्राघाट शामिल हैं, जहां साफ-सफाई का काम पूरा हो चुका है।

प्रमुख घाटों पर धुलाई और रोशनी की व्यवस्था

नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी घाटों की पानी से धुलाई कराई है। इसके अलावा घाटों पर प्रकाश, पेयजल और बैठने की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। वहीं, किरोड़ीमल नगर क्षेत्र में भी एक बड़ा छठ घाट स्थित है। इस क्षेत्र में बिहार और उत्तर प्रदेश से आकर बसे लोगों की संख्या अधिक होने के कारण यहां भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए किरोड़ीमल नगर घाट पर भी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने बताया कि शहर के सभी छठ घाटों की साफ-सफाई करा दी गई है, क्योंकि यहां हर साल हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर लाइट, बिजली, पानी और बैठने के इंतजाम किए गए हैं। यदि कहीं कोई कमी बची होगी तो उसे भी समय रहते दूर किया जाएगा, ताकि पूजा के दौरान किसी को असुविधा न हो।

चार दिनों के अनुष्ठान का कार्यक्रम

छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। पहले दिन श्रद्धालु स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करेंगे और बिना लहसुन-प्याज के कद्दू (लौकी) की सब्जी तथा चावल का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके अगले दिन 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती महिलाएं दिनभर निर्जला उपवास रखेंगी और शाम के समय अलग चूल्हे पर तैयार की गई खीर-रोटी का भोग लगाकर उसे प्रसाद के रूप में ग्रहण करेंगी। इसके बाद 15 नवंबर को पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा। पर्व के अंतिम दिन अगली सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ व्रत संपन्न होगा।

Show More
Back to top button