जशपुर में बाइक को टक्कर मार पेड़ पर लटकी कार, दो लोगों की मौत और पांच घायल

जशपुर। जिले के कुनकुरी-तपकरा मार्ग पर केरसई के पास एक कार और बाइक की सीधी भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। बाइक को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक दुकान का प्लेटफॉर्म तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराई और उस पर लटक गई। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। यह घटना ऊपरकछार पुलिस चौकी क्षेत्र की है। कार सवार परिवार छठ पर्व मनाने के लिए रायगढ़ से बिहार के बोधगया जा रहा था, जबकि बाइक पर सवार लोग राजमिस्त्री के काम से निकले थे।
आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार की मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, कुनकुरी निवासी विजय लकड़ा और जीवन कुजूर बाइक से केरसई की तरफ राजमिस्त्री का काम करने जा रहे थे। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही टोयोटा अर्बन क्रूजर कार और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।इस हादसे में बाइक सवार विजय लकड़ा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी जीवन कुजूर घायल हो गए।
दुकान का चबूतरा तोड़ते हुए पेड़ से भिड़ी कार
टक्कर के बाद कार सड़क किनारे स्थित एक दुकान के प्लेटफॉर्म को तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के पांचों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। कार सवार 76 वर्षीय रामेश्वर सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए झारखंड के रांची ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कार में सवार प्रवीण सिंह समेत चार अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस इस सड़क हादसे की जांच कर रही है।





