रायगढ़ में रेत लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत के बाद ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

रायगढ़। जिले के कोतरा रोड थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक तेज रफ्तार रेत लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार 19 वर्षीय युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। इस हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और मुआवजे के साथ अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
घर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलमी के फाटकपारा निवासी राजेश महंत (19) गुरुवार सुबह करीब 11 बजे किसी काम से बाइक लेकर निकला था। काम निपटाकर जब वह वापस अपने घर लौट रहा था, तभी कलमी बस्ती मेन रोड पर रायगढ़ की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। ट्रैक्टर पर रेत लोड थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेश सड़क पर गिर पड़ा और ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आ गया। गंभीर चोटें आने की वजह से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक अपना वाहन छोड़कर वहां से भाग निकला।
सड़क पर शव रखकर मुआवजे की मांग
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। हादसे से नाराज लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन पर रोक लगाई जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ।

