Chhattisgarh

जशपुर के बगिया में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की गोवर्धन पूजा, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ कैम्प कार्यालय बगिया में गोवर्धन पूजा के अवसर पर विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना की। उन्होंने गौमाता को तिलक लगाकर पूजा की और प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा उन्नति की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला की स्मृति में मनाया जाता है।

प्रकृति और गौवंश के प्रति कृतज्ञता का अवसर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में कहा कि गोवर्धन पूजा सनातन संस्कृति में प्रकृति और गौवंश के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला प्रकृति, पर्यावरण और जीव-जंतुओं के संरक्षण के साथ-साथ समाज को सामूहिक सहयोग और एकजुटता का संदेश देती है।

गौरा-गौरी पर्व को बताया सामाजिक समरसता का प्रतीक

छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकआस्था और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व माटी की परंपराओं, ग्रामीण जीवन और लोकसंस्कृति से गहराई से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक पर्व सांस्कृतिक पहचान को सहेजने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की कि भगवान श्रीकृष्ण और गौरा-गौरी की कृपा से छत्तीसगढ़ के खेत-खलिहान सदैव धन-धान्य से भरे रहें, किसानों के जीवन में समृद्धि आए और प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख-शांति बनी रहे।

Show More
Back to top button