Chhattisgarh

रायगढ़ में ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत दो जुआ फड़ों पर पुलिस का छापा, खरसिया और कोतरा रोड थाना क्षेत्र में 29 आरोपी गिरफ्तार और 9 लाख रुपये नकद जब्त

रायगढ़। जिले में अवैध जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने खरसिया और कोतरारोड़ थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की विशेष टीमों ने रानीसागर और ग्राम तारापुर में संचालित दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश देकर कुल 29 जुआरियों को गिरफ्तार किया। इन दोनों स्थानों से फड़ और आरोपियों के कब्जे से 9,00,500 रुपये की नकद राशि बरामद की गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में इस कार्रवाई की योजना तैयार की गई थी। सीएसपी राहुल उइके और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने दोनों ठिकानों पर सुनियोजित तरीके से घेराबंदी कर यह दबिश दी। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

खरसिया के रानीसागर में 19 जुआरी पकड़े गए, 6.07 लाख रुपये बरामद

थाना खरसिया क्षेत्र के रानीसागर में स्थित पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर स्ट्रीट लाइट की रोशनी में जुआ खेले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। यहां खरसिया और घरघोड़ा क्षेत्र के लोग दो पत्ती ताश से रुपयों का दांव लगा रहे थे।पुलिस टीम ने मौके की घेराबंदी कर 19 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा। तलाशी के दौरान फड़ और आरोपियों के पास से 6,07,400 रुपये नकद, दो गड्डी ताश और बिछौने के रूप में इस्तेमाल की जा रही एक प्लास्टिक बोरी जब्त की गई। इस मामले में थाना खरसिया में वैधानिक कार्रवाई की गई है।

ग्राम तारापुर में मोमबत्ती की रोशनी में चल रहा था दांव, 10 गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई थाना कोतरारोड़ क्षेत्र के ग्राम तारापुर में एचपी गैस एजेंसी के पास की गई। यहां दीवार के किनारे मोमबत्ती की रोशनी में काट पत्ती नामक जुआ खेला जा रहा था। सीएसपी राहुल उइके, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह और कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह की टीम ने दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही कुछ लोग मौके से भागने में सफल रहे, जबकि 10 जुआरियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने इनके पास से 2,93,100 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश की गड्डी गवाहों के समक्ष जब्त की।

एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस के ऑपरेशन अंकुश के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

इस संयुक्त अभियान में खरसिया थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चंद्राकर, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे और अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

Show More
Back to top button