राज्योत्सव में कृषि विभाग की प्रदर्शनी: किसानों को पारंपरिक सुगंधित धान और उन्नत फसलों की दी जा रही तकनीकी जानकारी

रायपुर। नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव परिसर में कृषि विभाग की प्रदर्शनी में किसानों को आधुनिक खेती, पारंपरिक बीजों के संरक्षण और फसल विविधीकरण की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। स्टॉल पर विभिन्न जिलों की माटी और जलवायु के अनुकूल पारंपरिक सुगंधित धान, औषधीय गुणों से भरपूर धान की 20 से अधिक किस्में और दलहन-तिलहन की प्रमाणित प्रजातियां प्रदर्शित की गई हैं। विभागीय विशेषज्ञ किसानों को इन फसलों की उत्पादकता, पोषण और बाजार मांग के तकनीकी पहलुओं से अवगत करा रहे हैं।
विभिन्न जिलों की पारंपरिक सुगंधित धान किस्में
प्रदर्शनी में प्रदेश के अलग-अलग अंचलों में उगाई जाने वाली पारंपरिक सुगंधित धान किस्मों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इनमें कोरिया का कमल, सूरजपुर का श्याम जीरा, बलरामपुर का ठाकुर भोग, सरगुजा का विष्णु भोग, जशपुर का शीतल भोग, बिलासपुर का समुंद चीनी और कोरबा का जटा शंकर शामिल हैं।
इसके अलावा रायगढ़ का जौ फूल, कबीरधाम का गंगा प्रसाद, मुंगेली का सुकला फूल, जांजगीर-चांपा का चिन्नौर, बेमेतरा की छत्री, बलौदाबाजार-भाटापारा का मुनि भोग, राजनांदगांव का कपूर सार, दुर्ग का कालिका मोद तथा रायपुर व बालोद का दुबराज भी प्रदर्शित किया गया है। बस्तर संभाग और अन्य जिलों से महासमुंद का कुबरी मोहर, धमतरी की तुलसी मंजरी, गरियाबंद की इलायची, कांकेर का बादशाह भोग, नारायणपुर का अमृत भोग, कोंडागांव का राजा भोग, बीजापुर का कदम फूल, दंतेवाड़ा का आत्मा शीतल, बस्तर का लोकती मच्छी और सुकमा का गंगा बारू जैसी किस्में शामिल हैं।
औषधीय और उच्च गुणवत्ता वाली प्रजातियां
स्टॉल पर विशेष पोषण और औषधीय गुणों वाली 20 से अधिक धान की प्रजातियों के नमूने भी रखे गए हैं। इनमें विक्रम टीसीआर, छत्तीसगढ़ धान-1919, मधुराज, महामाया, तरुण भोग, छत्तीसगढ़ देवभोग, बादशाह भोग सलेक्शन-1, छत्तीसगढ़ सुगंधित भोग, छत्तीसगढ़ भाव्या और जिंक युक्त छत्तीसगढ़ जिंक राईस-1 (सी.जी. जिंक राइस एमएस) शामिल हैं।
किसानों को गठूवान, महाराजी, विष्णु भोग, दुबराज सलेक्शन-1, रेड राइस, ब्लैक राईस और प्रोटीन युक्त प्रोटेजिन के साथ-साथ इंदिरा एरोबिक-1, बस्तर धान-1, स्वर्णा सब-1, सांभा सब-1, आई.आर.-64, पीकेवी एचएमटी तथा एमटीयू श्रृंखला (3626, 1318, 1075, 1239, 1223) के बारे में भी बताया जा रहा है।
कृषक उन्नति योजना और फसल विविधीकरण के विकल्प
धान के अलावा अन्य फसलों को बढ़ावा देने के लिए स्टॉल पर कृषक उन्नति योजना की जानकारी दी जा रही है। खरीफ मौसम में धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो-कुटकी, रागी और कपास लगाने वाले किसानों को 15,000 रुपये प्रति एकड़ तथा पहले से वैकल्पिक फसलें ले रहे किसानों को 10,000 रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता सीधे बैंक खातों में दी जा रही है।
दलहन संवर्ग में चना और तिवड़ा की महातिवड़ा, प्रतीक, छत्तीसगढ़ लोचन चना, सी.जी. चना-2, आरवीजी-210, जेजी-24, जीएनजी-2171 और इंदिरा चना-1 जैसी किस्में रखी गई हैं। मूंग-उड़द की प्रज्ञा, पैरिमूँग, एमएच-421, टी-9 और इंदिरा उड़द, अरहर की सी.जी. अरहर-1 व बीडीएन-711, मसूर की सी.जी. मसूर-1 व आरवीएल-31, मटर की इंदिरा मटर-1, काशी नंदिनी, आर्किल व पीएफडी-11-05 तथा कुल्थी की किस्में किसानों को सुझाई जा रही हैं। रबी के लिए गेहूं की अवंति और कनिष्का प्रजातियों की तकनीक भी साझा की जा रही है।
तिलहन वर्ग में अलसी की 12 किस्में प्रदर्शित हैं, जिनमें आर-2607, आर-2717, वाईएल.एस-23, किरण, आरएलसी-187, कार्तिका और इंदिरा अलसी शामिल हैं। इसके साथ ही सरसों की आजाद महक, सुरेखा व आरएच-1975, कुसुम की आईजीकेवी कुसुम व छत्तीसगढ़ कुसुम किस्में, सूरजमुखी की संकर प्रजातियां (सीओएच-4, सन एच-1, सीओएच-3), सोयाबीन की सी.जी. सोया-1 व जेएस-20-98, रामतिल और तिल की प्रमाणित किस्मों के साथ लघु धान्य सी.जी. कोदो-2 की तकनीकी जानकारी भी विशेषज्ञों द्वारा दी जा रही है।

