National

छठ पर ट्रेन का टिकट नहीं हुआ कंफर्म, ऑटो से ही 1200 किलोमीटर के सफर पर निकला युवक.. Video वायरल

मधुबनी। महापर्व छठ पर घर जाने के लिए ट्रेन का कंफर्म टिकट न मिलने पर एक युवक अपने दो साथियों के साथ ऑटो-रिक्शा से ही 1200 किलोमीटर के सफर पर निकल पड़ा है। सोशल मीडिया पर सामने आए इस मामले में युवक किसी अन्य साधन का इंतजार करने के बजाय सीधे ऑटो लेकर बिहार स्थित अपने घर के लिए रवाना हो गया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऋषव ठाकुर नाम के यूजर द्वारा शेयर किए गए वीडियो के अनुसार, उन्हें छठ पूजा के मौके पर अपने घर मधुबनी पहुंचना था। काफी कोशिशों के बाद भी जब ट्रेन में टिकट कंफर्म नहीं हुआ, तो उन्होंने अपने दो साथियों के साथ खुद के ऑटो से ही यात्रा करने का फैसला किया।

ऑटो में सामान और रात के सफर के लिए अलग लाइट का इंतजाम

वायरल वीडियो में ऋषव अपने ऑटो के अंदर रखा सामान और लगेज दिखाते नजर आ रहे हैं। ऑटो में उनके साथ दो अन्य लोग भी सवार हैं। रास्ते में एक पेट्रोल पंप पर रुकने के दौरान उन्होंने बताया कि उनके ऑटो की दोनों मुख्य हेडलाइट खराब हो चुकी थीं, इसलिए रात में सफर जारी रखने के लिए उन्होंने आगे अलग से एक लाइट फिट कराई है।

सफर के दौरान वे घर से लाई हुई रोटियां खा रहे हैं और बीच-बीच में आराम के लिए छोटे ब्रेक ले रहे हैं। सामान्य तौर पर ऑटो-रिक्शा की सीमित रफ्तार, ट्रैफिक, ईंधन भराने और विश्राम को देखते हुए 1200 किलोमीटर की यह दूरी तय करने में लगभग तीन दिन से अधिक का समय लग सकता है।

सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

इस अनोखे सफर का वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने त्योहार पर घर पहुंचने के इस जज्बे की सराहना की है, तो कुछ लोगों ने इतनी लंबी यात्रा के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहन की हेडलाइट ठीक कराने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Show More
Back to top button