मुर्गा जल्दी देने की बात पर विवाद: दुकानदार ने कत्ते से युवक पर किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम कठरापाली में मुर्गा जल्दी देने की बात पर हुए विवाद में एक चिकन विक्रेता ने लोहे के कत्ते से युवक के पैर पर वार कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गैर-जमानती धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मुर्गा जल्दी मांगने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कठरापाली निवासी 19 वर्षीय मुकेश रात्रे 23 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे अपने दोस्त मुकेश पैकरा के साथ गांव में स्थित कृष्णा सोनी की चिकन दुकान पर गया था। वहां उसने दुकानदार से मुर्गा जल्दी देने को कहा।
इसी बात को लेकर दुकान में मुर्गा काटने का काम करने वाला 62 वर्षीय अर्जुन सोनी नाराज हो गया। उसने युवक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगा। झूमाझटकी के दौरान मुकेश रात्रे जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद अर्जुन सोनी ने मुर्गा काटने वाले लोहे के कत्ते से मुकेश के बाएं पैर के तलवे पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
मेडिकल जांच के बाद गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज
घटना के अगले दिन, 24 अक्टूबर को पीड़ित मुकेश रात्रे ने तमनार थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल आहत का चिकित्सकीय परीक्षण कराया।
मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद तमनार पुलिस ने आरोपी अर्जुन सोनी के खिलाफ अपराध क्रमांक 266/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) और 118(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

