रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’: ब्रेजा कार से अफीम बेचते युवक गिरफ्तार, कार समेत 8.10 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ढिमरापुर चौक के पास घेराबंदी कर ब्रेजा कार में अफीम बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से 47 ग्राम अफीम और एक कार बरामद की गई है, जिसकी कुल कीमत 8.10 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर ढिमरापुर चौक पर हुई घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक सिल्वर रंग की ब्रेजा कार क्रमांक CG 13 AQ 4225 में अफीम लेकर ढिमरापुर चौक के पास ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलने के बाद उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार की घेराबंदी की और वहां मौजूद युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमरजीत सिंह (20 वर्ष), निवासी रामभांठा, जगतपुर बताया।
ड्राइवर सीट के नीचे प्लास्टिक पन्नी में मिला मादक पदार्थ
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत जब कार की तलाशी ली गई, तो ड्राइवर सीट के नीचे काले रंग की प्लास्टिक पन्नी में 47 ग्राम अफीम छिपाकर रखी मिली। पुलिस के अनुसार, बरामद अफीम का बाजार मूल्य लगभग 10,000 रुपये है। अफीम रखने के संबंध में युवक कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अफीम एक ट्रक चालक से खरीदना स्वीकार किया है। पुलिस ने गवाहों के समक्ष 47 ग्राम अफीम और लगभग 8 लाख रुपये मूल्य की ब्रेजा कार को विधिवत जब्त कर लिया है।
एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ग) के तहत मामला दर्ज
सिटी कोतवाली पुलिस ने अमरजीत सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ग) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का, प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा, आरक्षक गणेश राठिया, ओसनिक विश्वाल, नवधा प्रसाद भैना और महिला आरक्षक हेमलता एक्का शामिल रहे।
मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ऐसे मामलों की सूचना पुलिस को दें ताकि नशामुक्त समाज के निर्माण में मदद मिल सके।

