चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ का खतरा: आंध्र प्रदेश तट से टकराने की आशंका, 5 जिलों में दो दिन स्कूल-कॉलेज बंद

भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ में तब्दील हो गया है। इसके प्रभाव से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने 28 और 29 अक्टूबर को पांच जिलों में सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्देश दिया है। यह चक्रवात 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंचेगा और दोपहर करीब 11:30 बजे काकीनाडा के दक्षिण में तट से टकरा सकता है।
तूफान के प्रभाव से ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। स्थिति को देखते हुए ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जिसके चलते एहतियातन दो दिनों के शैक्षणिक अवकाश की घोषणा की गई है।
तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, ओडिशा में 27 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश होगी, जबकि दक्षिणी और तटीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 28 अक्टूबर को चक्रवात का असर सबसे व्यापक रहेगा। रायगढ़ा, कोरापुट, गंजाम, गजपति और मलकानगिरी जिलों में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है और हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है।
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को किया सतर्क
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) ने बताया कि पूर्व-मध्य और उससे सटी दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना यह सिस्टम आने वाले दिनों में और तीव्र हो सकता है। प्राधिकरण ने तटीय और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
एपीएसडीएमए के प्रबंध निदेशक के अनुसार, रविवार सुबह साढ़े पांच बजे यह अवदाब पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा था। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर मुड़ेगा और तीव्रता पकड़ेगा।
छत्तीसगढ़ में भी दिखेगा चक्रवात का असर
चक्रवाती तूफान का प्रभाव पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में 27 अक्टूबर से मौसम में बदलाव आएगा। इसके बाद 28 और 29 अक्टूबर को कई इलाकों में जोरदार बारिश हो सकती है। 28 अक्टूबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ और 29 अक्टूबर को उत्तरी छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

