Raigarh

शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे में भेजा गया जेल

रायगढ़। नाबालिग से दुष्कर्म और शादी का झांसा देकर छह माह तक शारीरिक शोषण करने के आरोपी युवक को लैलूंगा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर फास्ट ट्रैक न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई जिले में महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों पर त्वरित रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत की गई है।

जंगल में ले जाकर जबरन बनाए थे संबंध, शादी का दिया था झांसा

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने थाना लैलूंगा में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी करीब 17 वर्षीय बेटी फरवरी 2025 में गांव के पास स्थित जंगल में बैल चराने गई थी। दोपहर करीब 12 बजे जब वह घर लौटी तो रोने लगी। परिजनों द्वारा पूछे जाने पर उसने बताया कि पास के गांव के रहने वाले 19 वर्षीय संजय यादव ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने नाबालिग से शादी कर उसे पत्नी बनाकर रखने का वादा किया था। आरोप है कि पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद आरोपी उसे अपने साथ ले गया और करीब छह महीने तक अपने पास रखकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी को समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।

पॉक्सो एक्ट और बीएनएस के तहत मामला दर्ज

पीड़िता की मां की शिकायत पर लैलूंगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 329/2026 दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(m) तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 4 और 6 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता की आयु सत्यापन के लिए जन्म प्रमाण पत्र जब्त किया और उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी संजय यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी का डॉक्टरी मुलाहिजा कराने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में लैलूंगा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रीतम बघेल, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक शुभम मिश्रा, प्रधान आरक्षक जयशरण चंद्रा और आरक्षक सुमित एक्का द्वारा की गई।

Show More
Back to top button