छत्तीसगढ़ में गुलाबी ठंड की दस्तक: अगले 24 घंटों के बाद 1 से 3 डिग्री तक गिर सकता है पारा, सूखा रहेगा मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रात और सुबह के समय हल्की ठंड का अहसास शुरू हो गया है। प्रदेश के उत्तरी इलाकों में रातें ठंडी होने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान रात के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद पारा 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। आने वाले पांच दिनों तक राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह सूखा बना रहेगा।
अंबिकापुर सबसे ठंडा, प्रमुख शहरों में दर्ज हुआ तापमान
गुरुवार को प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई। रात के तापमान के मामले में उत्तरी छत्तीसगढ़ का अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में यहां पारे में करीब दो डिग्री की गिरावट आई है। पेंड्रारोड में रात का पारा 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो एक दिन पहले 18.2 डिग्री था। वहीं माना एयरपोर्ट पर तापमान 20.4 डिग्री, जगदलपुर में 20 डिग्री, बिलासपुर में 20.6 डिग्री और दुर्ग में 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजनांदगांव में रात का तापमान पिछले दिन के मुकाबले करीब एक डिग्री बढ़कर 22 डिग्री रहा। राजधानी रायपुर के लालपुर में न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के बराबर ही है।
दक्षिण भारत में मौसमी हलचल, छत्तीसगढ़ पर असर नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु तट के पास एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में वहां कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। साथ ही उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक एक द्रोणिका भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, लेकिन छत्तीसगढ़ के मौसम पर इसका कोई खास प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है।
अक्टूबर के ऐतिहासिक रिकॉर्ड और ठंड की शुरुआत
प्रदेश में आमतौर पर 15 से 20 अक्टूबर के आसपास मानसून की विदाई होती है और दक्षिण-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव समाप्त होने से मौसम शुष्क होने लगता है। इसके चलते महीने के दूसरे पखवाड़े से ठंड की औपचारिक शुरुआत होती है।
ऐतिहासिक आंकड़ों पर नजर डालें तो अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में तापमान काफी नीचे जाता रहा है। अंबिकापुर में 31 अक्टूबर 1954 को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज हुआ था। रायपुर में 27 अक्टूबर 2009 को पारा 15.4 डिग्री और 30 अक्टूबर 1933 को ऑल टाइम रिकॉर्ड 13.9 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं बिलासपुर में 26 अक्टूबर 2009 को 12 डिग्री तथा जगदलपुर में 31 अक्टूबर 1941 को पारा 11.1 डिग्री तक गिर चुका है।

