Raigarh

रायगढ़ में अवैध शराब रेड के दौरान पुलिस टीम से धक्का-मुक्की, 3 महिलाओं सहित 4 अरेस्ट

रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़उमरिया में ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अवैध शराब के खिलाफ दबिश देने गई पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने तीन महिलाओं और एक युवक सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गैर-जमानती धाराओं के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

तलाशी में 66 पाव देशी शराब और नकदी बरामद

पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 की रात थाना जूटमिल को सूचना मिली थी कि ग्राम गढ़उमरिया निवासी पिताम्बर उर्फ फुंदु लहरे अवैध रूप से शराब बनाकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक नरसिंहनाथ यादव और आरक्षकों की टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। संदेही के मकान की घेराबंदी के दौरान थैला लेकर भाग रहे पिताम्बर लहरे (24) को दौड़ाकर पकड़ा गया।

तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैले से 180 एमएल क्षमता वाली 66 प्लास्टिक बोतलों में कुल 11.880 बल्क लीटर देशी मसाला शराब और शराब बिक्री की रकम 400 रुपये बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5,600 रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस से की गई धक्का-मुक्की

पुलिस जब गवाहों के समक्ष जब्ती और वीडियोग्राफी की प्रक्रिया पूरी कर रही थी, तभी आरोपी ने पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश की। इसी दौरान घर की महिलाओं द्वारा आवाज दिए जाने पर मौके पर दो अन्य महिलाएं पहुंच गईं। आरोप है कि बीना लहरे, रजनी मिरी और अन्य महिलाओं ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे के साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्रवाई में रुकावट डाली। हालांकि, मौके पर मौजूद बल ने हालात को संभालते हुए सभी को अभिरक्षा में ले लिया।

दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज, आरोपी भेजे गए जेल

जूटमिल पुलिस ने अवैध शराब बरामदगी के मामले में अपराध क्रमांक 651/2026 दर्ज करते हुए आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की है। वहीं, लोक सेवक को कर्तव्य निर्वहन से रोकने और आपराधिक बल प्रयोग के आरोप में अपराध क्रमांक 654/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पिताम्बर उर्फ फुंदु लहरे (24), बीना लहरे (26), दुमेश्वरी लहरे (50) निवासी ग्राम गढ़उमरिया तथा रजनी मिरी (30) निवासी कुसापास, सुंदरगढ़ (ओडिशा) शामिल हैं।

शासकीय कार्य में बाधा डालने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस या किसी भी शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्ती से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Back to top button