ओपी जिंदल क्रिकेट एकेडमी के राहुल प्रधान रणजी ट्रॉफी के लिए हुए सलेक्ट

रायगढ़। ओपी जिंदल क्रिकेट एकेडमी, घरघोड़ा से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले राहुल प्रधान का चयन छत्तीसगढ़ की रणजी ट्रॉफी टीम में हुआ है। गुजरात में छत्तीसगढ़ और सौराष्ट्र के बीच खेले जा रहे मुकाबले में राहुल ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 104 गेंदों में नाबाद 41 रन बनाए। इसके साथ ही एकेडमी के एक अन्य खिलाड़ी सक्षम चौबे का चयन अंडर-19 स्तर की वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए हुआ है।
रवींद्र जडेजा और जयदेव उनादकट के सामने दिखाया धैर्य
छत्तीसगढ़ और सौराष्ट्र के बीच जारी रणजी ट्रॉफी मुकाबले में बाएं हाथ के बल्लेबाज राहुल प्रधान को तीसरे दिन बल्लेबाजी का अवसर मिला। आठवें नंबर पर क्रीज पर उतरे राहुल ने 104 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 41 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और जयदेव उनादकट जैसे अनुभवी गेंदबाजों की गेंदों का सामना किया और अपनी तकनीक व संयम का परिचय दिया।
सक्षम चौबे का वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए चयन
एकेडमी के लिए दूसरी सफलता सक्षम चौबे के रूप में सामने आई है। बाएं हाथ के गेंदबाज सक्षम का चयन अंडर-19 स्तर की प्रतिष्ठित वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए किया गया है। सक्षम अंडर-19 वर्ग में बिलासपुर की ओर से खेलते हैं। दोनों खिलाड़ियों के चयन से एकेडमी में अभ्यास कर रहे अन्य युवा खिलाड़ियों में भी उत्साह का माहौल है।
शालू जिंदल ने दी शुभकामनाएं
जिंदल फाउंडेशन की चेयरपर्सन शालू जिंदल ने दोनों खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर दोनों खिलाड़ियों की तस्वीर साझा कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
जिंदल पावर तमनार द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत घरघोड़ा में ओपी जिंदल क्रिकेट एकेडमी का संचालन किया जा रहा है। यहां स्थानीय युवाओं को खेल की बारीकियों का प्रशिक्षण देकर राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाता है।

