रायगढ़ में अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्रों का राज्य स्तरीय टीम ने किया निरीक्षण, वर्मी फिल्टर प्लांट एक माह में शुरू करने के निर्देश

रायगढ़। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत राज्य स्तरीय टीम ने जिले में अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने जनपद पंचायत पुसौर के ग्राम पंचायत गढ़उमरिया स्थित वर्मी फिल्टर प्लांट और जनपद पंचायत रायगढ़ के ग्राम नौरंगपुर स्थित एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और संयंत्रों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के कड़े निर्देश दिए गए।
गढ़उमरिया प्लांट एक माह में शुरू करने और पानी की जांच के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता कमलेश चंद्राकर और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) रायपुर के राज्य सलाहकार रूपेश राठौर मौजूद रहे। टीम ने गढ़उमरिया स्थित वर्मी फिल्टर प्लांट के शेष निर्माण कार्य को एक माह के भीतर पूरा कर इसे क्रियाशील करने को कहा।
इसके साथ ही गांव की नालियों को प्लांट से जोड़ने के निर्देश दिए गए। शोधित जल की गुणवत्ता का सटीक आकलन करने के लिए बीओडी (जैव रासायनिक ऑक्सीजन मांग) और सीओडी (रासायनिक ऑक्सीजन मांग) की जांच कराने के भी निर्देश दिए गए। वहीं, नौरंगपुर स्थित एफएसटीपी संयंत्र के निरीक्षण के दौरान वहां आवश्यक तकनीकी और व्यावहारिक सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला पंचायत में लंबित देनदारियों और सामुदायिक शौचालयों की समीक्षा
संयंत्रों के निरीक्षण के बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत रायगढ़ के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत लंबित देनदारियों के निपटारे, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों (सीएससी) के शौचालयों को पूरी तरह क्रियाशील बनाने और मिशन के विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
अधिकारियों ने संबंधित कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने और स्वच्छता सुविधाओं का निरंतर एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, डीपीपी, जिला एवं विकासखंड स्तरीय स्वच्छ भारत मिशन की टीम, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव तथा विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

