पुसौर में बेखौफ चोरों का धावा : अडानी पावर के दो कर्मचारियों के सूने मकान का ताला टूटा, लैपटॉप और नकदी समेत 48 हजार का माल पार

रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम तेतला में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां अडानी पावर लिमिटेड के दो कर्मचारियों के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने हजारों की नकदी समेत लैपटॉप और मोबाइल पार कर दिया है। मूल रूप से ग्राम बलाडीह, ओडिशा निवासी रश्मी रंजन साहू ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी राकेश कुमार पटेल के साथ तेतला में गरीब दास महंत के मकान की दूसरी मंजिल पर किराए से रहते हैं। दोनों युवक 13 जनवरी की सुबह 8:00 बजे अपनी ड्यूटी पर गए थे, लेकिन जब रात 8:00 बजे वापस लौटे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के दरवाजे का कुंदा टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोरों ने रश्मी रंजन के बैग का लॉक तोड़कर उसके अंदर रखा एचपी कंपनी का लैपटॉप, माउस, सैमसंग ए-20 मोबाइल और पर्स में रखे 1000 रुपये नगद चोरी कर लिए हैं। इसके साथ ही उनके साथी राकेश कुमार पटेल के बैग से भी करीब 7000 रुपये नगद गायब मिले। कुल मिलाकर करीब 48,000 रुपये के मशरूका पर चोरों ने हाथ साफ किया है। घटना की लिखित शिकायत के बाद पुसौर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(2) और 305(A) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

