KharsiaRaigarh

खरसिया में एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत, भूपदेवपुर पुलिस जांच में जुटी

  • जामपाली फाटक और एसपीजीसीएल ब्लॉक स्टेशन के बीच अप लाइन पर हुआ हादसा; मृतक की पहचान अब तक नहीं, पुलिस ने लोगों से जानकारी देने की अपील की

रायगढ़, 26 अगस्त 2026। रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में आज बुधवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 6:30 बजे जामपाली फाटक/समपार और एसपीजीसीएल (SPGCL) ब्लॉक स्टेशन के बीच अप लाइन पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रायगढ़ से बिलासपुर की ओर जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि ट्रेन की चपेट में आने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मृतक ने टी-शर्ट और गहरे रंग की लोवर पैंट पहन रखी थी। उसकी कमर में गमछा/साफी बंधा हुआ था और वह नंगे पैर था।

घटना की सूचना मिलते ही भूपदेवपुर थाना प्रभारी रोशन कुमार कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। आरपीएफ के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान के साथ ही हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

भूपदेवपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस हुलिए के आधार पर मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो अथवा उनके आसपास का कोई व्यक्ति लापता हो, तो तत्काल भूपदेवपुर थाना पुलिस से संपर्क कर सूचना दें। मृतक की पहचान कराने में मिलने वाली किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करने की अपील की गई है।

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। पहचान होने के बाद ही मृतक के परिजनों तथा घटना से संबंधित अन्य जानकारी सामने आ सकेगी।

Show More
Back to top button