तेज रफ्तार ट्रैक्टर से गिरकर नाबालिग छात्रा की मौत, चालक पर गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज

रायगढ़। रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरजानाला पुल के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में नाबालिग छात्रा की मौत हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे धान लदे ट्रैक्टर से गिरने के बाद छात्रा ट्रैक्टर के चक्के की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 14 जनवरी 2026 की दोपहर की है। महेन्द्रा ट्रैक्टर क्रमांक CG13BA 5060 को चालक राजू मिंज तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। ट्रैक्टर के सामने चालक के बगल में बैठी नाबालिग छात्रा वृंदावती अगरिया कोरजानाला पुल पार करते समय असंतुलित होकर नीचे गिर गई। गिरते ही ट्रैक्टर का चक्का उसके सिर और कंधे पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
घटना की सूचना प्राथमिक शाला पुटुकछार के प्रधान पाठक जयप्रकाश पटेल द्वारा पुलिस को दी गई, जिस पर धर्मजयगढ़ थाना में FIR क्रमांक 0011/26 दर्ज की गई है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत गैरइरादतन हत्या का मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने बताया कि घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं तथा मामले की विवेचना सहायक उप निरीक्षक गंगाराम भगत को सौंपी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

