
रायगढ़, 19 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में एक दुखद हादसे में 40 वर्षीय घासीदास नवरंग की जान चली गई। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा JCB वाहन के चालक की लापरवाही से हुआ, जिसके बाद चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
घटना 14 जनवरी 2026 की सुबह करीब 7 बजे की है, जब घासीदास नवरंग गांव देवरी में अमृत लाल यादव के घर के सामने मंदिर के पास रेत के ढेर पर बैठे थे। इसी दौरान बंजारापारा की तरफ से आ रही JCB (वाहन नंबर JH 10 CF 6934) ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में घासीदास के हाथ, पैर और कुल्हे में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस जांच में पाया गया कि JCB चालक ने वाहन को तेज और लापरवाही से चलाया था, जिससे यह दुर्घटना हुई।
मृतक के पिता जयदास नवरंग और उनकी बेटी के बयानों से पुलिस को घटना की पुष्टि हुई। मृतक के भाई जीवन लाल नौरंग (उम्र 42 वर्ष) ने थाने में मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराई, जिसमें बताया गया कि घासीदास 13 जनवरी को दोपहर में घर से निकले थे और रात तक वापस नहीं लौटे। अगले दिन सुबह पड़ोसी कौशल बघेल ने घर आकर सूचना दी कि रेत के ढेर के पास उनका शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर जीवन लाल और कौशल ने देखा कि शव पर चोट के निशान थे, कुल्हे से खून बह रहा था और रेत में टायर के निशान साफ दिखाई दे रहे थे।
भूपदेवपुर थाने के प्रधान आरक्षक लखेश्वर प्रसाद मानसर ने घटना की जांच की और मर्ग क्रमांक 04/2026 के तहत धारा 194 BNSS के अनुसार प्रारंभिक रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत का प्रतीत होना बताया, लेकिन जांच में JCB की भूमिका सामने आने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। SDM खरसिया को घटना की सूचना भेज दी गई है और विवेचना जारी है।

