KharsiaRaigarhRaigarh

रायगढ़ की राजनीति में बड़ा बदलाव, कांग्रेस में शामिल हुए रामचंद्र शर्मा, उमेश पटेल की मौजूदगी में नंदेली हाउस में ली सदस्यता

  • नगेंद्र नेगी और शाखा यादव के नेतृत्व में हुआ कांग्रेस प्रवेश

रायगढ़। जिले की राजनीति में 12 नवंबर की देर शाम बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब रायगढ़ के प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं पूर्व पुलिस निरीक्षक रामचंद्र शर्मा ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल की मौजूदगी में नंदेली हाउस में जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी और जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ शहर की अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में उन्होंने पार्टी में प्रवेश किया। इससे पहले शुभ मुहूर्त में रायगढ़ कांग्रेस भवन में उनकी प्राथमिक सदस्यता की प्रक्रिया पूरी की गई।

रामचंद्र शर्मा के सक्रिय राजनीति में आने को लेकर पिछले कई दिनों से शहर में चर्चाएं और अटकलें चल रही थीं। उनके कांग्रेस प्रवेश के साथ इन पर विराम लग गया। यह कार्यक्रम बेहद सादगीपूर्ण और आत्मीय माहौल में संपन्न हुआ। रामचंद्र शर्मा लंबे समय से शिक्षा, खेल, पत्रकारिता और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। पूर्व पुलिस निरीक्षक के रूप में उन्हें प्रशासनिक अनुभव है, साथ ही शिक्षाविद् और समाजसेवी के रूप में भी उन्होंने अलग पहचान बनाई है। समाज के विभिन्न वर्गों के बीच उनकी सक्रियता और जनसंपर्क उनकी बड़ी ताकत माने जाते हैं।

संगठन में नई ऊर्जा की उम्मीद
राजनीति में किसी व्यक्ति का महत्व केवल पद या राजनीतिक अनुभव से नहीं, बल्कि समाज में उसकी स्वीकार्यता, कार्यशैली और जनसरोकारों से भी तय होता है। शिक्षा, खेल, सामाजिक और बौद्धिक क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी पहचान कांग्रेस को समाज के व्यापक वर्गों तक पहुंच मजबूत करने में मददगार हो सकती है। नगेंद्र नेगी और शाखा यादव के नेतृत्व में संगठन समाज के प्रतिष्ठित और सक्रिय लोगों को पार्टी से जोड़ने की पहल कर रहा है। यह नए विचारों, अनुभवों और ऊर्जा के समावेश का संदेश देता है।

कांग्रेस परिवार में नए साथी का स्वागत
रामचंद्र शर्मा का प्रवेश स्थानीय संगठन के लिए सकारात्मक शुरुआत है। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय अन्य लोगों को भी जनहित के मुद्दों पर काम करने की प्रेरणा मिलेगी। अब राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की निगाहें इस पर रहेंगी कि उनके अनुभव, सक्रियता और जनसंपर्क का लाभ संगठन को किस तरह मिलता है।

Show More
Back to top button