Kharsia

खरसिया के ग्राम जुनवानी में लगे दो नए ट्रांसफार्मर, विधायक उमेश पटेल के निर्देश पर बहाल हुई बिजली

खरसिया। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जुनवानी में खराब पड़े दो ट्रांसफार्मरों को बदलकर उनकी जगह नए ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिए गए हैं। विधायक उमेश पटेल के निर्देश के बाद बिजली विभाग ने जुनवानी बस्ती में 100 केवी और कन्हार खार में 63 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया है। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से ठप पड़ी बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है।बिजली आपूर्ति शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या से विधायक को अवगत कराया था, जिसके बाद उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

बिजली ठप होने से पेयजल और सिंचाई की खड़ी हो गई थी समस्या

जुनवानी बस्ती और कन्हार खार में लगा ट्रांसफार्मर पिछले कुछ दिनों से खराब पड़ा था। इसके चलते गांव में बिजली की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई थी। बिजली गुल रहने के कारण ग्रामीणों को पीने का पानी जुटाने, नहाने-धोने और खाना बनाने जैसे रोजमर्रा के घरेलू कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा रात के समय अंधेरा छाए रहने से भी लोग परेशान थे। कन्हार खार क्षेत्र का ट्रांसफार्मर खराब होने से खेती-किसानी से जुड़े किसानों को भी गंभीर संकट से जूझना पड़ रहा था। खेतों में धान की फसल के लिए पानी की कमी हो गई थी और किसान लंबे समय से इस तकनीकी समस्या के समाधान का इंतजार कर रहे थे।

विधायक से मिले थे ग्रामीण, विभाग को दिए गए थे त्वरित निर्देश

समस्या के समाधान के लिए 25 अक्टूबर को कांग्रेस कार्यकर्ता लालकुमार पटेल के नेतृत्व में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल नंदेली स्थित विधायक निवास पहुंचा था। वहां ग्रामीणों ने विधायक उमेश पटेल को दोनों खराब ट्रांसफार्मरों की स्थिति से अवगत कराया। इस प्रतिनिधिमंडल में पोत राम पटेल, नंदकुमार पटेल, फूलचंद पटेल, बलभद्र यादव, नंदकुमार सिदार, फकीर चंद पटेल, नरेंद्र पटेल, दीनानाथ (झनकराम) पटेल, रथ लाल महंत, दिनेश पटेल, योगेश पटेल और भीखम चौहान सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।

ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद विधायक उमेश पटेल ने बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर तुरंत आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। विभागीय कार्रवाई के बाद 30 अक्टूबर को जुनवानी बस्ती में 100 केवी और कन्हार खार में 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया। दोनों ट्रांसफार्मर बदले जाने पर ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार जताया है।

Show More
Back to top button